कोटा/आयुक्त , कोटा विकास प्राधिकरण कोटा बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार आज कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की अतिक्रमण निरोधक टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम बालाकुण्ड स्थित डिस्ट्रिक्ट सेंटर योजना क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण हटाया।
कार्रवाई के दौरान नाले के किनारे अवैध रूप से संचालित किए जा रहे अंडे के ठेले एवं टपरी को हटाया गया। इसके साथ ही प्राधिकरण के भूखंड संख्या 293 पर एक कबाड़ी द्वारा डाले गए कबाड़ को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
टीम ने पलाई ओवर से योजना की सड़क किनारे अवैध रूप से चल रहे कचोरी, अंडा, मिस्त्री आदि के ठेले-टपरियां और बोडियों को भी हटाया, जिससे क्षेत्र में यातायात एवं साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके।
इस कार्रवाई में प्राधिकरण के तहसीलदार ललित किशोर नागर, भू-अभिलेख निरीक्षक हरिश्चन्द्र प्रजापति, भवानी शंकर कारपेंटर, हरीश कुमार गुप्ता, पटवारी हितेश माहेश्वरी, संदीप गोचर, तकनीकी शाखा के कनिष्ठ अभियंता अनुराग शर्मा एवं एएसआई सत्यनारायण मीणा सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है।






