कोटा । भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन व कार्यक्रम संयोजक महावीर नायक बिल्लू के आह्वान पर पं दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कोटा शहर में भाजपा के सभी मण्डलों में प्रशिक्षण अभियान चल रहा है।
अभियान के इसी क्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा संगठन में प्रशिक्षण एक सतत प्रक्रिया है, जिनमें लगातार सीखने, आत्ममंथन करने व जनसेवा हेतु सदैव समर्पित रहने के साथ ही सैद्धांतिक और व्यवहारिक विषयों पर समय-समय पर अपेक्षित कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण होता है। इसी कार्यपद्धति से ही भाजपा अन्य सभी राजनीतिक दलों से अलग है।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि केन्द्र व राज्य में भाजपा सरकारें अनेको जनकल्याणकारी योजनायें बना रही है, इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचे इस हेतु सभी को कार्य करना चाहिये।
कोटा शहर जिला प्रभारी अजित मेहता व सहप्रभारी स्नेहा कंबोज ने शिविर को संबोधित करते हुये कहा कि किसी भी चुनाव में बूथ स्तर की मजबूती ही जीत की कुंजी होती है, और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान वैचारिक रूप से कार्यकर्ताओं को मजबूत करते हुए पार्टी के साथ जोड़ने का काम करता है। प्रशिक्षण के माध्यम से आपसी मेलजोल बढ़ाने, पार्टी की रीति-नीति जानने, संगठन के कार्यों एवं दायित्वों को समझाने का प्रयास किया जाता है। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक के सफर के बारे में भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक कौशल और पार्टी के दृष्टिकोण एवं नीतियों की गहरी समझ प्रदान करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आवश्यक हैं। सुप्रशिक्षित कार्यकर्ता किसी भी मजबूत संगठन की रीढ़ होते हैं।
पार्टी के संगठनात्मक ढांचे के बारे में विस्तार से बताते हुए जैन ने कहा कि भाजपा अनुशासन, समर्पण और एक स्पष्ट संरचना के साथ काम करती है, जहां हर कार्यकर्ता की एक निश्चित भूमिका और जिम्मेदारी होती है। उन्होंने दोहराया कि पार्टी ने हमेशा राष्ट्र प्रथम की भावना से काम किया है।
कार्यक्रम जिला संयोजक महावीर नायक बिल्लू ने बताया की मण्डल प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से भाजपा के सभी मण्डलों में तय वक्ता, निर्धारित 7 विषयों पर पार्टी संगठन के बारे में कार्यकर्ताओं का मार्गप्रदर्शन प्रदान कर रहे है। कोटा शहर के रेलवे कोलानी, नयापुरा, केशवपुरा, महावीर नगर व उद्योग नगर मण्डल में प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हो चुके। छावनी, कुन्हाडी, दादाबाडी, आर के पुरम, गणेश नगर, व बोरखेडा में आज प्रारंभ हुये है, तथा स्टेशन, रामपुरा व विज्ञान नगर मण्डल में 29 मार्च से दो दिवसीय प्रशिक्षण अभियान चालू होगे।
मण्डल प्रशिक्षण शिविरों में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के अपेक्षित सुचिबद्ध कार्यकर्ताओं ने अपनी सहभागिता दी।






