कोटा में आज राजसी वैभव के साथ निकलेगी राम बारात, घोड़ा-बग्गी, हाथी-ऊंट और शाही लवाजमा रहेगा आकर्षण का केंद्र
पुलिस बैंड, मशक बैंड, लोकनृत्य और गतका कला से सजेगी शोभायात्रा, जगह-जगह होगी पुष्पवर्षा
कोटा। शहर में गुरुवार को राजसी ठाठ-बाट और भव्य धार्मिक उल्लास के साथ राम बारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में राजसी वेशभूषा में सजे घुड़सवार और पैदल सैनिकों की टुकड़ियां हाथों में भाले और सिर पर शाही पगड़ी धारण कर चलेंगी। इनके आगे सेवक सूर्य ध्वज लेकर चलेंगे। पुलिस बैंड और मशक बैंड की मधुर स्वर लहरियां शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी। घोड़ा-बग्गी, हाथी, ऊंटगाड़ी और देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न बग्गी में सवार होकर चलेंगे। राजा दशरथ, मंत्री सुमंत, ऋषि विश्वामित्र और ऋषि वशिष्ठ की सवारियां भी शोभायात्रा का हिस्सा होंगी। भगवान ब्रह्मा, विष्णु, शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करेंगी।
गीता भवन से शाम 5 बजे होगी रवाना, मार्ग में पुष्पवर्षा से स्वागत
राम बारात शोभायात्रा शाम 5 बजे गीता भवन से रवाना होगी। यहां से वाल्मीकि बस्ती, सुंदर धर्मशाला, गांधीजी का पुल, कैथूनीपोल थाना, गढ़ पैलेस और टिपटा होते हुए किशोरपुरा दरवाजे पहुंचेगी। इसके बाद शोभायात्रा श्रीराम रंगमंच पर संपन्न होगी। शहर के विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों और संस्थाओं की ओर से मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राम बारात का स्वागत किया जाएगा।
शोभायात्रा में सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक मुख्य अतिथि होंगे। विधायक शांति धारीवाल, संदीप शर्मा और कल्पना देवी भी उपस्थित रहेंगे।
केसरिया पताकाओं और आकर्षक सजावट से सजे प्रमुख मार्ग
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि राम बारात के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मार्गों को केसरिया पताकाओं, आकर्षक झालरों और बंदनवार से सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। भगवान श्रीराम के दरबार से जुड़े आकर्षक कटआउट भी शोभायात्रा मार्ग की शोभा बढ़ाएंगे। राम बारात में राजसी वैभव, लोक कलाओं और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
घूमर, बिंदोरी, कच्छी घोड़ी और भांगड़ा से सजेगी राम बारात
आयुक्त एवं मेला अधिकारी ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि राम बारात में महिला और पुरुष कलाकार घूमर नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। झालावाड़ का प्रसिद्ध बिंदोरी नृत्य, कच्छी घोड़ी, पंजाबी भांगड़ा और कजरी नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डांडिया मंडलियों के साथ ढोल-ताशे, नगाड़े और शहनाई की गूंज पूरे माहौल को उत्सवी बनाएगी।
शोभायात्रा में राष्ट्रीय स्तर के 40 वादकों का दल और स्थानीय बैंड दल भी शामिल होंगे। महिलाएं मंगल गीत गाती हुई चलेंगी, जबकि सिख युवा पारंपरिक गतका कला का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राम बारात में देश की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
राम बारात मार्ग पर श्रमदान कर देंगे स्वच्छता का संदेश
राम बारात शोभायात्रा को लेकर नगर निगम की ओर से स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महापौर अनुसुईया गोस्वामी के नेतृत्व में उपमहापौर विवेक राजवंशी और सभी पार्षद गुरुवार सुबह राम बारात मार्ग पर श्रमदान कर सफाई करेंगे।
नगर निगम जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर शोभायात्रा मार्ग को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। इसका उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता का संदेश देने के साथ भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का स्वागत स्वच्छ और सुंदर वातावरण में करना है।







