केडीए में सेवा सेतु अभियान-2026 आज से
10 दिवसीय अभियान में आमजन की समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण
कोटा, 6 अक्टूबर /राज्य सरकार के निर्देशों की अनुपालना में कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ 7 अक्टूबर से होगा और यह 16 अक्टूबर तक लगातार 10 दिवस संचालित किया जाएगा।
कोटा विकास प्राधिकरण के नवीन परिसर के भूतल पर आयोजित होने वाले इस अभियान के सुचारू संचालन के लिए केडीए आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के तहत जोन संख्या एवं कॉलोनीवार प्रभारी अधिकारियों तथा कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जो शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों एवं प्रकरणों का परीक्षण कर त्वरित कार्यवाही एवं यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
सिविल एवं तकनीकी कार्यों को मिलेगी गति
अभियान के दौरान सिविल एवं तकनीकी कार्यों से संबंधित समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहर की सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत तथा पेचवर्क, प्रमुख चौराहों, डिवाइडरों एवं पार्कों के नियमित रख-रखाव और सौन्दर्यीकरण के कार्य करवाए जाएंगे।
इसके अलावा नालियों की मरम्मत, फेरोकवर एवं मैनहोल की मरम्मत तथा सीवर लाइनों में लीकेज जैसी समस्याओं का भी त्वरित समाधान किया जाएगा। बरसात के बाद क्षतिग्रस्त हुई व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
राजस्व एवं आवंटन संबंधी प्रकरणों का होगा निस्तारण
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत राजस्व एवं आवंटन से संबंधित विभिन्न लंबित प्रकरणों का भी निस्तारण किया जाएगा। इनमें प्राधिकरण की अनुमोदित योजनाओं के पट्टे जारी करना, राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं 69-ए, 54-ई, 50-बी एवं 60-सी के अंतर्गत लंबित पट्टों का निस्तारण, भूखंडों का उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र जारी करना, भवन निर्माण स्वीकृति तथा अन्य संबंधित प्रकरण शामिल हैं।
इसके साथ ही आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड पट्टे जारी करने की कार्यवाही भी इस अभियान के माध्यम से की जाएगी।
नागरिक मूल दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित हों
कोटा विकास प्राधिकरण के सचिव मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि जिन नागरिकों के उपरोक्त विषयों से संबंधित कोई प्रकरण अथवा कार्य लंबित है, वे अपने मूल दस्तावेजों एवं आवश्यक आवेदन-पत्र के साथ निर्धारित अवधि में कोटा विकास प्राधिकरण के नवीन परिसर स्थित भूतल पर आयोजित सेवा सेतु शिविर में उपस्थित होकर अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए निर्धारित अवधि में शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्या दर्ज करवाएं, ताकि संबंधित प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।






