स्काउट गाइड–शिक्षा सहकारी वाटिका उद्घाटन में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा।शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय, कोटा में “शिक्षा सहकारी–स्काउट गाइड वाटिका” का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा विद्यार्थियों एवं आमजन में प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रामचरण मीना थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्काउट गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लाड़पुरा ममता चौधरी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अंता गायत्री मीना, शिक्षा सहकारी उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमना लाल गुर्जर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों ने वाटिका का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
मुख्य अतिथि रामचरण मीना ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि हमारे जीवन के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
अध्यक्षता कर रहे प्रकाश जायसवाल ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन सेवा, अनुशासन और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि शिक्षा सहकारी सभा एवं स्काउट गाइड द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित अतिथियों के रूप में अनुराधा शर्मा, दिनेश कुमार मीना, रवि प्रकाश गौतम, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल, पूनम गौतम, शिवराज गोचर, दिनेश कुमार नागर एवं महावीर प्रसाद मीना उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम संयोजक कमल कुमार शर्मा ने सफल संचालन किया। अंत में उप जिला शिक्षा अधिकारी सूरज करण बड़गोतिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया तथा सभी ने पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





