बारां,29 सितम्बर।महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से गठित ‘महिला चौपाल’ समूह की ओर से नगर परिषद के नव निर्वाचित सभापति एवं उप सभापति के सम्मान में एक भव्य नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल की संयोजिका नीता शर्मा के नेतृत्व में नगर परिषद कार्यालय पहुंची 30 से अधिक महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने नवनिर्वाचित सभापति शालिनी राठौर तथा उप सभापति तेजस सुमन का भावभीना स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया।
इस अवसर पर महिलाओं ने सभापति व उप सभापति को पुष्पगुच्छ , फूल हार एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके निर्वाचन पर बधाई दी और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
अभिनंदन समारोह के दौरान महिला चौपाल की सदस्याओं ने शहर के विभिन्न वार्डों में व्याप्त जनसमस्याओं की ओर नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया। महिलाओं ने वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई तथा प्रमुख चौराहों व कॉलोनियों में स्ट्रीट लाइटों के सुचारू संचालन सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मूलभूत नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।
महिला चौपाल के ज्ञापन और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए सभापति शालिनी राठौर एवं उप सभापति तेजस सुमन ने आश्वस्त किया कि नगर परिषद शहर के विकास और समस्याओं के निस्तारण को लेकर पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे और महिलाओं द्वारा रेखांकित की गई प्राथमिक समस्याओं का शीघ्र और उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए।अभिनंदन करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से वार्ड 32 से बेबी जंगम, बबीता पंकज मीना शर्मा गिरजा शर्मा विनीता ,दीपा पंकज , सीता गुज्जर ,हर्ष शर्मा,प्रीति, तपस्या, अंजना, बबली, अर्चना, अंजु और सुनीता वार्ड 37 से,नीता शर्मा, डिम्पल जयंत, प्रेमलता ओझा,शालिनी विजय, चारु सिंह , गिनता मीणा वार्ड 8,वार्ड 34 से अंजू जयंत मुख्य रूप से शामिल हुईं।





