-भारत सिंह चौहान
कोटा। राजकीय मेडिकल कॉलेज कोटा के नवीन चिकित्सालय में आयोजित वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी रघुवीर मीणा के गरिमामय सेवानिवृत्ति समारोह के अवसर पर अंगदान जागरूकता विषय पर विशेष चर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों ने अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज कोटा के प्राचार्य डॉ. निलेश कुमार जैन, नवीन चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा तथा नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं नोडल अधिकारी (ऑर्गन ट्रांसप्लांट) डॉ. विकास खंडेलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. निलेश कुमार जैन ने सेवानिवृत हो रहे रघुवीर मीणा के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ सरकारी सेवा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों कि प्रसंशा की गई एवं बताया कि सेवानिवृति के उपलक्ष में अंगदान का शपथ लेना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और समाज में इसके लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं नवीन चिकित्सालय में अंगदान एवं अंग प्रत्यारोपण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज का सहयोग मिले तो अनेक गंभीर मरीजों को समय पर जीवनदान मिल सकता है।
नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं ऑर्गन ट्रांसप्लांट के नोडल अधिकारी डॉ. विकास खंडेलिया ने अंगदान की प्रक्रिया, उसके कानूनी एवं चिकित्सकीय पहलुओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मृत्यु के बाद भी अंगदान के माध्यम से कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से अंगदान का संकल्प लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी रघुवीर मीणा ने अंगदान की शपथ लेते हुए कहा कि समाज सेवा का यह सबसे श्रेष्ठ माध्यम है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में आगे आना चाहिए। उनके इस संकल्प का उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर नवीन चिकित्सालय के नर्सिंग अधीक्षक महेंद्र गौतम, सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के नर्सिंग अध्यक्ष गोविंद सोनी,ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर राकेश जैन, अरविंद शर्मा, दीपिका अवस्थी , नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने “मैं अंगदान का समर्थन करता हूँ” संदेश वाली तख्तियां लेकर अंगदान के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में रघुवीर मीणा के दीर्घ, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दी गईं। समारोह ने एक ओर सम्मानजनक विदाई का संदेश दिया तो दूसरी ओर अंगदान जैसे पुण्य कार्य के प्रति समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।






