कोटा। कोटा शहर के अनंतपुरा क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय पूरण पुत्र ओमप्रकाश की शुक्रवार सुबह एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूरण एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 27 तारीख से जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार जेल में रहते हुए उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों ने जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पूरण की तबीयत लगातार खराब थी, लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं कराया गया। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण ही उसकी जान गई।
मौत के बाद शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना मिलने पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मौत के कारणों के साथ-साथ परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है और मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।





















