कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। केडीए आयुक्त ममता तिवारी एवं सचिव मुकेश कुमार चौधरी के निर्देशानुसार नगर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर सफाई व रखरखाव कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
इसी क्रम में आज महाराणा प्रताप सर्किल स्थित आईलैंड की व्यापक सफाई करवाई गई, साथ ही महाराणा प्रताप सर्किल से नाका चुंगी तक मीडियन की सफाई का कार्य भी संपन्न कराया गया। यह कार्य केडीए के अधीक्षण अभियंता सुमित चित्तौड़ा एवं अधिशासी अभियंता अंकित अग्रवाल के पर्यवेक्षण में सुचारु रूप से किया गया।
सफाई अभियान के अंतर्गत झाड़ियों की कटाई, कचरे का निष्कासन तथा सौंदर्यीकरण से संबंधित आवश्यक कार्य किए गए, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम बनी रहे।
केडीए द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि कोटा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखा जा सके।






