कोटा। सर्व समाज सेवा संस्थान द्वारा आयोजित निशुल्क कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्मेलन सोमवार को अजय सामुदायिक भवन, सुभाष नगर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कुल 27 जोड़ों का विधिवत वैवाहिक संस्कार कराया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन, अतिथि एवं संस्थान पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने की। उन्होंने मंच से सभी नवविवाहित जोड़ों को हार्दिक मुबारकबाद और शुभकामनाएं दीं।
सर्व समाज सेवा संस्थान द्वारा जारी संदेश में कहा गया कि संस्था पिछले पांच वर्षों से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की निरंतर आर्थिक सहायता कर रही है तथा सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में नई चेतना और सकारात्मकता का संदेश देते हैं। संस्थान के अध्यक्ष अकरम भाई एवं उनकी टीम के सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम के अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने कहा कि “इस प्रकार के आयोजन समाज में सहयोग, एकता और सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए जिससे समाज में सेवा और सद्भाव की भावना मजबूत हो।”
समारोह में उपस्थित समाजसेवियों ने institution के इस कदम की प्रशंसा की और सभी 27 नवदम्पत्तियों के सुखी दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग के निदेशक मनोज पाल मीणा भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी 27 नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किए और संस्था की इस पहल को सामाजिक उत्थान का प्रेरणादायी प्रयास बताया।
इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से नरेंद्र भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सेवाकार्यों की सराहना की।






