रक्षाबंधन पर निशुल्क बस सेवा के बीच नशे में धुत कंडक्टर का हंगामा
कोटा। रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से बहनों को राजस्थान रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। ऐसे में बस स्टैंड और बसों में यात्रियों की सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर रोडवेज प्रशासन की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। लेकिन कोटा के नयापुरा बस स्टैंड से सामने आए एक वीडियो ने रोडवेज व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि रोडवेज का कंडक्टर रवि यादव शराब के नशे में ड्यूटी पर पहुंचा। बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच उसके द्वारा कुछ महिलाओं के साथ बदतमीजी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
घटनाक्रम का वीडियो बनाए जाने पर कंडक्टर कथित रूप से मीडिया कर्मी से भी उलझ गया। वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश करते हुए उसने कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। सामने आए वीडियो में कंडक्टर लड़खड़ाते हुए नजर आ रहा है।
रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर जब सरकार की ओर से बहनों को निशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, उसी दौरान रोडवेज कर्मचारी के इस कथित व्यवहार ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब सवाल यह है कि क्या ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहने और यात्रियों से कथित अभद्र व्यवहार करने वाले कर्मचारी के खिलाफ रोडवेज प्रशासन कार्रवाई करेगा? मामले की जांच और संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग उठ रही है।






