कोटा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी की ओर से राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने कुन्हाड़ी थाना एवं नांता थाना पहुंचकर थानाधिकारियों सहित पुलिस जवानों को परमात्म रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने सभी के मंगल एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए ईश्वरीय प्रसाद भेंट किया और जवानों का मुंह मीठा कराया।
ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने कहा कि पुलिस के जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी सेवाएं देते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी वे अपने कर्तव्य पर डटे रहते हैं। ऐसे में समाज की भी जिम्मेदारी है कि हम उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखें तथा उनके सुख, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन के लिए परमात्मा शिव से प्रार्थना करें।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग का संकल्प लेने का भी अवसर है। परमात्म रक्षा सूत्र के माध्यम से पुलिस जवानों को आध्यात्मिक शक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया।
इस दौरान थाना अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त किया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस जवानों के प्रति समाज में सम्मान, सहयोग और आत्मीयता की भावना को मजबूत करना रहा।








