कोटा/कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत गुरुवार को लंबित प्रकरणों के निस्तारण में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। शिविर के दौरान 70 आवंटियों को पट्टे जारी किए गए, जबकि विभिन्न श्रेणियों के कुल 105 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इस दौरान प्राधिकरण को 44.89 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
आज शिविर में 19 फ्री होल्ड एवं लीज मुक्ति प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे आवंटियों को लीज संबंधी लंबित प्रक्रियाओं से राहत मिली। इसके अलावा 16 नामांतरण प्रकरणों का निस्तारण किया गया तथा 8 स्वप्रेरणा से 90-ए भूमि संपरिवर्तन प्रकरणों का समाधान किया गया। वहीं पूर्व में जारी पट्टों के समर्पण के बाद 4 पुनः पट्टा जारी करने के प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
कोटा विकास प्राधिकरण के आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से भूमि एवं संपत्ति से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। KDA सचिव श्री मुकेश कुमार चौधरी ने बताया कि शिविरों के माध्यम से लंबित प्रकरणों के निस्तारण के साथ-साथ नागरिकों को विभिन्न प्रकार की रियायतों एवं सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर के दौरान नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी जारी रहे। इस क्रम में 38 नए सीवर कनेक्शन स्वीकृत किए गए, 150 रनिंग मीटर नाला-नाली सुधार कार्य तथा 30 रनिंग मीटर सीवर लाइन मरम्मत कार्य किए गए। इसके अलावा पार्कों में 120 वर्गमीटर क्षेत्र में सुधार कार्य किए गए तथा 110 पौधारोपण भी किए गए।
आयुक्त बचनेश कुमार अग्रवाल ने कोटावासियों से अपील की है कि वे 15 जुलाई तक आयोजित शहरी सेवा शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही छूट, राहत एवं विभिन्न सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
















