श्रीनगर/शोपियां। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के शीर्ष कमांडर जाकिर अहमद गनी को मुठभेड़ में मार गिराया। बुधवार को सुरक्षाबलों ने उसका शव बरामद किया। हालांकि, एक अन्य आतंकी लतीफ भट के इलाके में छिपे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।
खुफिया सूचना के आधार पर शनिवार शाम शोपियां के चनापोरा क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। लगातार पांच दिनों तक चले अभियान के बाद जाकिर गनी का शव बरामद किया गया।
जाकिर गनी उन 14 वांछित आतंकियों की सूची में शामिल था, जिसे हालिया पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किया था। उसकी मौत को सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता मान रही हैं।
यह संयुक्त अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), राष्ट्रीय राइफल्स (44 RR, 20 RR, 34 RR, 55 RR), 3 पैरा और CRPF की 14वीं एवं 178वीं बटालियन द्वारा मिलकर चलाया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अभियान जारी है।






