-भारत सिंह चौहान
कोटा। दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप अनुभव एवं अतिवीर के संयुक्त तत्वावधान में लवकुश वाटिका में वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत ग्रुप के दम्पति सदस्यों ने सामूहिक रूप से 108 पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आम, जामुन, नीम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
अनुभव ग्रुप के अध्यक्ष अशोक जोरा एवं अतिवीर ग्रुप के अध्यक्ष महावीर शाह ने बताया कि फेडरेशन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज को वृक्षारोपण के साथ उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। वृक्षों का संरक्षण ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
एडीशनल कमांडेंट आरएसी पवन जैन ने कहा कि हरित वातावरण स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज की आधारशिला है। पर्यावरण संरक्षण के लिए सामाजिक संगठनों द्वारा जनसहभागिता से संचालित ऐसे अभियान समय की आवश्यकता हैं।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन एवं उमेश अजमेरा ने कहा कि सामाजिक संगठन सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रीजन अध्यक्ष अनिल ठौरा तथा अतिवीर ग्रुप के अध्यक्ष मनोज पाटनी ने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, तभी हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का लक्ष्य साकार हो सकेगा।
अभियान में ग्रुप के दम्पति सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस अवसर पर विमल कुमार जैन, प्रकाशचंद जैन, एस.के. दोषी, संदीप जैन, पदम सोगानी, महावीर शाह, महावीर जैन (माड़ साहब), निकुंज जैन, संदीप सेठी, कमल जैन, पी.सी. गोधा, अशोक रावका, राजमल पाटौदी, विजेन्द्र जैन, महावीर लुंग्या, सत्येंद्र जैन, भानु कुमार जैन सहित ग्रुप की महिला सदस्य उर्मिला जैन, पुष्पा जैन, मेद्या सेठी, अल्पना कंजोलिया, सीमा लुंग्या एवं सरला दोषी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।






