Friday, September 25, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े का शुभारंभ, विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

भारत सिंह चौहान

कोटा/ शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां तथा राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े की गुरुवार को विधिवत शुरुआत हुई। यह पखवाड़ा 21 मई से 6 जून तक विभिन्न जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा वन एवं वन्य जीवों के प्रति जनचेतना विकसित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं समाजसेवी रामविलास रैगर थे, जबकि अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। कार्यक्रम में हरि प्रसाद बुलीवाल, गिरिराज जोशी एवं सपना अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी नागरिकों से प्रकृति संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि रामविलास रैगर ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और स्काउट-गाइड संगठन समाज में सेवा एवं जागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं गाइड कैप्टेन योगिता महावर ने पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण, स्वच्छता अभियान, अमृत जलम कार्यक्रम, पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी व्यवस्था, पौधारोपण, पौधों की देखरेख, संगोष्ठी, नर्सरी प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जनजागरण के लिए मानव श्रृंखला, रैली, नुक्कड़ नाटक तथा विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि वन एवं वन्य जीव संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पखवाड़े के समापन अवसर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में स्काउट-गाइड सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन नीलम पारेता ने किया। अंत में अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles