महावीर सेन जय स्थल
बूंदी / प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आमजन की आर्थिक परेशानियों को लेकर पंचायती राज संगठन राजस्थान विधानसभा बूंदी प्रभारी प्रदेश कोऑर्डिनेटर महावीर सेन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आज आम आदमी अपने परिवार को दो वक्त की रोटी तक ठीक प्रकार से नहीं खिला पा रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब, मजदूर, पिछड़े और दलित वर्ग के लोगों का जीवन यापन कठिन बना दिया है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
महावीर सेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियां, नोटबंदी, आर्थिक मंदी और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने में विफलता के कारण देश की जनता भारी आर्थिक संकट से गुजर रही है। सरकार ने जनभावनाओं को नजरअंदाज कर केवल सत्ता प्राप्ति की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग के सामने परिवार पालना दुर्लभ होता जा रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, व्यापारियों का कारोबार प्रभावित है और मध्यम वर्ग भी आर्थिक दबाव में जीने को मजबूर है।
महावीर सेन ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत दी जाए, महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा गरीब, मजदूर, पिछड़े एवं दलित वर्ग के लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके।






