भारत सिंह चौहान
कोटा/ प्रवेशोत्सव के दूसरे चरण के अंतर्गत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाना एवं अभिभावकों को सरकारी शिक्षा की ओर प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य एवं सहायक जिला कमिश्नर गाइड श्रीमती नीलम त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर आयोजित सभा में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, वर्दी, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को मिल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।
अध्यक्षता कर रहीं नीलम त्रिपाठी ने भी सरकारी विद्यालयों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में सरकारी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहे हैं। प्रशिक्षित शिक्षकों, बेहतर अधोसंरचना एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के उपरांत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुकेश कसाना, सुमन गुप्ता, मधु मोदी, गिरिजा सुमन, गीता शर्मा एवं सुनीता भाटी की मौजूदगी में मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल एवं श्रीमती नीलम त्रिपाठी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्काउट-गाइड के साथ-साथ अन्य विद्यार्थी भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
रैली के दौरान बच्चों ने “दूध रोटी तरकारी – स्कूल अच्छा सरकारी”, “सरकारी स्कूल में जाएंगे, जग में नाम कमाएंगे”, “शिक्षा सहकारी ने ठाना है, शिक्षा का दीप जलाना है” तथा “सरकारी स्कूल में जाऊंगा, जग में नाम कमाऊंगा” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाते हुए क्षेत्रवासियों को जागरूक किया।
यह रैली आवासन मंडल विद्यालय से प्रारंभ होकर संतोषी नगर, केशवपुरा एवं महावीर नगर विस्तार योजना के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी और अंत में पुनः विद्यालय पहुंचकर सम्पन्न हुई।
इस आयोजन के माध्यम से सरकारी विद्यालयों के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने एवं अधिकाधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, स्काउट-गाइड सदस्यों एवं पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।










