कोटा शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित शुभ संस्कार कॉलोनी का है, जहां रिटायर्ड RAPP अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोर लाखों रुपए के गहने और करीब 90 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक बृज मोहन यादव किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक नकाबपोश युवक संदिग्ध रूप से घर में आते-जाते दिखाई दे रहा है। घटना का पता चलते ही बृज मोहन यादव ने बोरखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है तथा संदिग्ध आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।





