भारत सिंह चौहान
कोटा। कैनाल रोड बोरखेड़ा स्थित ग्लोबल कान्वेंट स्कूल में 7 मई को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पाँचवीं से नौवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी अभिनय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक समीर मोहम्मद के स्वागत के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में दो निर्णायकों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक की परंपरा, उसके उद्देश्य एवं समाज में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि नुक्कड़ नाटक केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को सकारात्मक संदेश देने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए आमजन तक सामाजिक समस्याओं और उनके समाधान को सरल एवं प्रभावशाली तरीके से पहुँचाया जाता है।
विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक विषयों पर प्रेरणादायक प्रस्तुतियाँ दीं। स्वच्छ भारत अभियान पर आधारित नाटक के माध्यम से स्वच्छता अपनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया गया। प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
शिक्षा के महत्व पर आधारित प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा प्रदान करती है और एक बेहतर समाज के निर्माण की नींव रखती है। वहीं मोबाइल एवं साइबर कैफे के दुरुपयोग पर आधारित नाटक में बच्चों ने डिजिटल माध्यमों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए संयमित एवं सुरक्षित उपयोग का संदेश दिया। विद्यार्थियों की सशक्त संवाद शैली, भावपूर्ण अभिनय एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी दर्शकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। सभी प्रस्तुतियाँ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी होने के कारण अत्यंत प्रेरणादायक एवं संदेशपूर्ण रहीं। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में अपने उद्बोधन में निदेशक समीर मोहम्मद ने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों एवं जिम्मेदारियों की समझ भी होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को इसी प्रकार रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और समाजहित में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।















