कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र स्थित एरोड्राम थोक फल-सब्जी मंडी में तड़के दबंगों द्वारा व्यापारी के मुनीम से मारपीट और लूट की वारदात सामने आने के बाद व्यापारियों में दहशत फैल गई। घटना के बाद मंडी व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है।
जानकारी के अनुसार मंडी स्थित दुकान नंबर B-65, कैलाश फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी पर गुरुवार सुबह करीब 3:20 बजे मुनीम शांतिलाल प्रजापति किसानों को भुगतान कर रहे थे। इसी दौरान साबिर अली उर्फ भूरी गैंग के 4-5 सदस्य वहां पहुंचे। आरोपियों में कल्लू उर्फ तिलक माहावर और बायू नाम के युवकों की पहचान बताई जा रही है।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने आते ही 5 हजार रुपए की मांग करते हुए कहा कि यह रकम “साबिर उर्फ भूरी भाई” ने मंगवाई है। जब व्यापारी पक्ष ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए।
आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाश पैसों से भरा थैला छीनकर ले गए, जिसमें करीब 2 हजार रुपए रखे हुए थे। जाते-जाते आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो गोली मार दी जाएगी।
घटना के बाद मंडी व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में बढ़ रही गुंडागर्दी पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल गुमानपुरा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






