कोटा। शहर के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना 13 अप्रैल तड़के करीब 2:16 बजे की बताई जा रही है। उस समय मकान मालिक परिवार अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित महिला संगीत कार्यक्रम में गया हुआ था।
पीड़ित परिवार जब वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गया। मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी के लॉक भी टूटे मिले। घर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था।
पूरी वारदात पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार एक युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर घर के बाहर पहुंचा। आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था और उसके पास दो बैग थे। उसने पहले मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुसकर अलमारी के ताले तोड़ दिए।
सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने महज 13 मिनट में चोरी की पूरी वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।





