कोटा। जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान संगीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 9-10 माह पहले ही हुई थी। वह 3 माह की गर्भवती भी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संगीता पिछले कुछ दिनों से अपने पीहर में रह रही थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसका भाई उसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां अस्पताल के गेट पर ही वह बेहोश हो गई। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सिमलिया थाने के हेड कांस्टेबल सुरेश ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके।






