कोटा। शहर में चाइनीज मांझे से पक्षियों की जान पर लगातार मंडरा रहे खतरे को देखते हुए पुरानी सब्जी मंडी व्यापार संघ के अध्यक्ष पवन दुआ ने इसके खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। उनके नेतृत्व में व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा चाइनीज मांझे में फंसे पक्षियों को सुरक्षित निकालने का राहत कार्य लगातार जारी है।
पवन दुआ ने बताया कि चाइनीज मांझा केवल पक्षियों ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रहा है। इसी को देखते हुए बाजार क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वे इस खतरनाक मांझे का उपयोग न करें और प्रतिबंध के बावजूद इसकी बिक्री या इस्तेमाल की सूचना प्रशासन को दें।
राहत कार्य के दौरान घायल पक्षियों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर उन्हें पशु चिकित्सकों के पास भेजा जा रहा है। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है और कई युवा स्वयंसेवक भी अभियान से जुड़ रहे हैं।
पवन दुआ ने आमजन से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें ताकि मासूम पक्षियों की उड़ान सुरक्षित रह सके।






