कोटा/मोक्षदा एकादशी, तद्नुसार श्रीमद्भगवद्गीता जी जयंती के पुनीत पावन अवसर पर श्री गीता सत्संग आश्रम समिति कोटा द्वारा आयोजित विद्वान संतों के भक्ति पूर्ण ज्ञान प्रवाह के चार दिवसीय विविध आयोजनों के मध्य कोटा के वरिष्ठ समाजसेवी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ लोकमणि गुप्ता द्वारा सहज सुगम हिंदी में टीका कृत श्रीमद्भगवद्गीता जी इस द्वितीय खण्ड का विमोचन सम्पन्न हुआ।
श्री गीता जयंती आश्रम समिति के महामंत्री श्री रामेश्वर प्रसाद विजय एवं गीता जयंती समारोह के मुख्य संयोजक भगवती प्रसाद जी खण्डेलवाल मोरपा वालों ने बताया कि इस भक्ति पूर्ण आयोजन में प्रयागराज से पधारे हुए श्रीमद्भगवद्गीता मनीषी पूज्य संत श्री सर्वेश जी प्रपन्नाचार्य जी महाराज, वृन्दावन के श्री गंगा शरणं आश्रम से पधारे हुए आचार्य श्री योगेश्वर जी महाराज एवं मचलाना आलोट वाले राष्ट्रीय चिंतक गोभक्त श्री राम जी राम महाराज के कर कमलों से जीवण आशीष समिति के लिए हेमाक्षी पब्लिकेशन सीकर द्वारा प्रकाशित “श्री कृष्ण भगवान के दिव्य संदेश – द्वितीय खण्ड” का भावपूर्ण विमोचन किया गया।
श्रीमद्भगवद्गीता मुमुक्षु डॉ लोकमणि गुप्ता एवं डॉ खुश्बू गुप्ता के लेखन, वाचन, प्रकाशन एवं सादर समर्पित निशुल्क वितरण के निरंतर सद्प्रयास को संत त्रय ने आज की सतत् आवश्यकता बताते हुए युवाओं हेतु उचित दिशा दायक कार्य बताते हुए शुभाशीष प्रदान किया। इस अवसर पर श्री गीता सत्संग आश्रम समिति के सह मंत्री श्री महेन्द्र कुमार मित्तल ने बताया कि उपस्थित सभी कार्यकारिणी सदस्य एवं श्रीमती अर्चना गुप्ता पुस्तक विमोचन में सहभागी बने।
विमोचन पश्चात चिरंजीव परिवार द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान अर्जन
हेतु पधारे हुए सभी श्रोताओं को “श्री कृष्ण भगवान के दिव्य संदेश – द्वितीय खण्ड” पुस्तक स्वाध्याय हेतु निशुल्क भेंटकर धर्म लाभ उठाया।






