कोटा। कोटा से गई एक मेमू ट्रेन (61621) सोमवार को सवाई माधोपुर में पटरी से उतर गई। रात करीब 9.45 बड़ी हुई इस घटना के बाद ट्रेन को करीब 1.45 बजे वापस पटरी पर चढ़ाया जा सका। इस घटना के चलते प्लेटफार्म नंबर एक बाधित रहा। इस दौरान एक नंबर प्लेटफार्म की ट्रेनों को अन्य प्लेटफार्म पर लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चला है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कोटा से शाम 7.25 बजे रवाना होकर यह मेमू ट्रेन रात करीब 9.30 बजे सवाई माधोपुर पहुंची थी। यहां सवारियां उतारने के बाद यह ट्रेन यार्ड में खड़ी होने जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म से निकलते समय पॉइंट पर मेमू ट्रेन के इंजन वाले डिब्बे के चार पहिए पटरी से उतर गए।
कोटा गंगापुर में बजे हूटर
घटना की सूचना मिलते ही कोटा और गंगापुर में तेजी से हूटर बजने लगे। हूटर बजते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारी और कर्मचारी तुरंत स्टेशन की ओर रवाना हुए। कुछ ही देर में कोटा और गंगापुर से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) सवाई माधोपुर के लिए रवाना हुई। एआरटी की मदद से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद मेमू के डिब्बे को वापस पटरी पर चढ़ाया जा सका।
कोटा नहीं आएगी ट्रेन
इस घटना के चलते सवाई माधोपुर से कोटा आने वाली मेमू ट्रेन (61622) कोटा नहीं आएगी माधोपुर से यह ट्रेन सुबह 4.32 बजे रवाना होकर 6.55 बजे कोटा आती है।
इस ट्रेन के कोटा नहीं आने से कोटा-नागदा मेमू ट्रेन भी रद्द रह सकती है। सवाई माधोपुर-कोटा ट्रेन का रेक ही नागदा के लिए रवाना होता है।
✍️ विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार






