कोटा शहर के जवाहर नगर इलाके में सोमवार देर रात कुछ मनचलों ने जमकर हुड़दंग किया। मकान के गेट पर लात मारी। युवकों के उत्पात से कॉलोनी में दहशत मच गई। स्थानीय लोगों ने युवकों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन भाग गए। हालाकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। तलवंडी सेक्टर 2 निवासी दुष्यंत गहलोत ने बताया- घटना रात साढ़े 10 बजे के आस-पास की है। 8-10 युवक कॉलोनी में स्थित पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। सभी शराब के नशे में शोर मचा रहे थे। कुछ युवक मकानों के गेट के बाहर जाकर लाते मार रहे थे। मकान मालिक के विरोध जताने पर भी युवक नहीं मानें। कॉलोनी में एक स्कूल भी है। युवकों ने स्कूल की तरफ पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। उत्पाती युवकों के बारे में जवाहर नगर पुलिस को सूचना दी लेकिन आधे घंटे तक पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे। इस बीच कॉलोनी के लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। बाकी युवक फरार हो गए। युवकों के पास बिना नंबरी बाइक थी। इसके बाद एडिशनल एसपी दिलीप सैनी सहित थाने का जाप्ता मौके पर पहुंचा। युवक को पकड़कर थाने लेकर गए। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवकों के उत्पात मचाने की तस्वीर कैद हुई है।




