कोटा में राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का मामला सामने आया है। धार्मिक जुलूस में तिरंगे पर चांद-सितारे बने थे। इसका एक वीडियो सामने आने के बाद हिन्दू संगठन के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ढाई घंटे चले प्रदर्शन में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी पहुंचे और मामला दर्ज करने की मांग की। मामला अनंतपुरा थाना इलाके का शाम करीब 6 बजे का है।अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला
डीएसपी चतुर्थ मनीष शर्मा ने बताया- मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। वीडियो अनंतपुरा इलाके से निकल रहे जुलूस का है। इसमें तिरंगे झंडे में चांद-सितारे बने हुए थे। वीडियो पर संज्ञान लिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा- जो भी आरोपी घटना
में शामिल है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत मामला दर्ज किया है।
विश्व हिंदू परिषद के श्रीनाथ मित्तल ने कहा- इस घटना ने पूरे राष्ट्र को झकझोर दिया है। हालांकि, पुलिस ने जागरूकता दिखाकर संज्ञान लिया और मामला दर्ज किया। हमारी मांग है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग दल के प्रांत संयोजक योगेश रेनवाल ने बताया- अनंतपुरा इलाके में धार्मिक जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में एक युवक के हाथ में बड़ा सा राष्ट्रीय ध्वज था। ध्वज में एक हिस्से में चांद तारे बने हुए थे। युवक उस ध्वज को जुलूस में लहरा रहा था। इसका वीडियो सामने आया है।





