कोटा स्टेशन पर अकेले घूमते मिले 14 वर्षीय बालक को रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षित किया
भारत सिंह चौहान✍️
कोटा। रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत कोटा रेलवे स्टेशन पर अकेले घूम रहे 14 वर्षीय बालक को सुरक्षित कर चाइल्ड लाइन कोटा के सुपुर्द किया। बालक घर से नाराज होकर बिना बताए दिल्ली से कोटा आ गया था।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक गिरीश कुमार बोहरे एवं प्रधान आरक्षक शिवचरण गुर्जर को गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर एक बालक अकेला घूमता दिखाई दिया। पूछताछ में बालक ने घर से नाराज होकर आने की बात बताई, जिसके बाद उसे सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कोटा लाया गया।
पूछताछ में बालक ने अपना नाम प्रिंस राय, उम्र 14 वर्ष, निवासी दिल्ली बताया। इसके बाद चाइल्ड लाइन कोटा को सूचना दी गई। चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि के पहुंचने पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बालक को सुरक्षित रूप से उनके सुपुर्द कर दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत रेलवे परिसर में पाए जाने वाले अकेले अथवा संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित कर संबंधित बाल कल्याण संस्थाओं तक पहुंचाने की कार्रवाई की जाती है।




