Saturday, August 8, 2026
Screenshot_2026-02-16-14-04-33-20_6012fa4d4ddec268fc5c7112cbb265e7
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

आगरा कैंट स्टेशन पर हंगामा: स्टेशन उपाधीक्षक और RPF जवानों में विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह स्टेशन उपाधीक्षक और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जांच की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों और कर्मचारियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत हीराकुंड एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक महिला यात्री की मदद करने के बाद हुई। बताया गया कि महिला यात्री प्लेटफॉर्म पर पेठा खरीदने उतरी थी और ट्रेन चलने लगी। महिला के अनुरोध पर स्टेशन उपाधीक्षक नरेंद्र सिंह चाहर ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से गार्ड को सूचना देकर ट्रेन रुकवाई, जिससे महिला सुरक्षित ट्रेन में सवार हो सकी।

बताया जा रहा है कि ट्रेन रुकने पर RPF जवानों को चेन पुलिंग की आशंका हुई। इसी बात को लेकर स्टेशन उपाधीक्षक और RPF कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर RPF जवानों ने स्टेशन उपाधीक्षक को कार्यालय से जबरन उठाकर प्लेटफॉर्म पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और उन्हें RPF पोस्ट तक घसीटते हुए ले गए। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए।

घटना के समय स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कई यात्रियों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस हंगामे के कारण हीराकुंड एक्सप्रेस कुछ समय तक स्टेशन पर खड़ी रही और यात्रियों में भी दहशत का माहौल रहा।

फिलहाल मामले में संबंधित पक्षों की ओर से जांच की प्रक्रिया जारी है। वायरल वीडियो और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles