कोटा। कोटा सिटी पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने के हिस्ट्रीशीटर रजत पाण्डे उर्फ कालू बच्चा को एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
कोटा सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुभाष चंद मिश्रा के निर्देशन तथा सर्किल द्वितीय की डॉ. पूनम के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रंगपुर पुलिया के नीचे लाल शर्ट और काली जींस पहने एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रजत पाण्डे उर्फ कालू बच्चा, निवासी कैलाशपुरी, थाना रेलवे कॉलोनी, कोटा बताया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से एक जिंदा कारतूस तथा कमर के पीछे छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रेलवे कॉलोनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मारपीट, बलवा, हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हमला, जबरन वसूली, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, गवाहों को धमकाने, आपराधिक षड्यंत्र, लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी रामस्वरूप मीणा, उपनिरीक्षक रामसिंह, सहायक उपनिरीक्षक नरेश तथा कांस्टेबल सुरेश, अजीत, मदनलाल, सुरेश मीणा और अशोक शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






