कोटा।कोटा शहर के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद में बीच-बचाव करना एक प्रतियोगी छात्र को भारी पड़ गया। सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे 26 वर्षीय युवक पर कुछ युवकों ने मारपीट के बाद चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक ने दादाबाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झालावाड़ जिले के खानपुर निवासी लविश वर्तमान में कोटा में रहकर सेकंड ग्रेड प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। शनिवार को वह अपने किराए के मकान के सामने स्थित पार्क में बैठा हुआ था। इसी दौरान पार्क में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे।
बताया जा रहा है कि उसी समय केशवपुरा क्षेत्र से आए कुछ छात्र बैडमिंटन खेलने के लिए पार्क पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। पार्क में मौजूद लविश ने बच्चों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और मामला सुलझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि बीच-बचाव करने से नाराज युवकों ने पहले लविश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसके बाद एक आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल लविश ने तत्काल दादाबाड़ी थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
दादाबाड़ी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















