भारत सिंह चौहान
कोटा/ भीषण गर्मी के बीच राहगीरों एवं आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां की ओर से शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयागांव के बाहर शीतल जल प्याऊ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों एवं स्काउट-गाइड कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम संयोजक शिक्षा सहकारी डायरेक्टर एवं उप प्रधानाचार्य दिनेश कुमार मीणा ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के मंत्री जमनालाल गुर्जर ने की। इस अवसर पर शिक्षा सहकारी सभा के डायरेक्टर कमल कुमार शर्मा तथा अनुराधा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्याऊ संचालन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विनोद गुर्जर को सौंपी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में शीतल जल की व्यवस्था करना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सहकारी सभा लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सामुदायिक सेवा और जनहित के अन्य कार्यक्रमों के साथ अब प्याऊ संचालन जैसी पहल आमजन को सीधा लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के आयोजन आवश्यक हैं।
अध्यक्षता कर रहे जमनालाल गुर्जर ने कहा कि गर्मी के मौसम में राहगीरों, विद्यार्थियों एवं श्रमिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पानी उपलब्ध कराना पुण्य का कार्य है। उन्होंने बताया कि शिक्षा सहकारी सभा समय-समय पर जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रही है और आगे भी सामाजिक सेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्याऊ पर आने वाले लोगों को शीतल जल पिलाकर सेवा कार्य की शुरुआत की। आयोजन में स्काउट-गाइड सदस्यों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों का सहयोग सराहनीय रहा।












