भारत सिंह चौहान
कोटा, । राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर विचार गोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड सदस्यों में जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन का संतुलन बनाए रखने में जैव विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वन, जल, वन्यजीव एवं विभिन्न प्रजातियों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलन बिगड़ा तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक योगिता महावर ने जैव विविधता दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि प्रकृति में मौजूद प्रत्येक जीव और वनस्पति का अपना विशेष योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करने की प्रेरणा दी।
यूनिट लीडर्स नीलम पारेता ने भी जैव विविधता संरक्षण को मानव जीवन के लिए आवश्यक बताते हुए प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने का संदेश दिया। इस दौरान रोवर उमेश, स्काउट प्रतीक सिंह एवं जसवंत तथा गाइड धरणी कुमारी और डिम्पल महावर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालय के स्काउट-गाइड एवं कब बुलबुल, मां कल्याणी ओपन रेंजर टीम की रेंजर्स , सरोजनी नायडू ओपन गाइड कंपनी की गाइड्स , चंद्र शेखर आजाद ओपन रोवर क्रू के रोवर्स की सक्रिय सहभागिता रही।






