Tuesday, October 13, 2026
as jewellers
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

स्वच्छता के लिए आगे आए स्काउट गाइड, श्रमदान से बदली कल्याणी वाटिका की तस्वीर

-भारत सिंह चौहान

कोटा 7 मई , राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण एवं गिरधर गोपाल राजमल सर्राफ चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मनाए जा रहे सामुदायिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को आवासन मंडल स्कूल परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना और समाज में साफ-सफाई के महत्व को रेखांकित करना रहा।

स्थानीय विद्यालय स्काउट गाइड प्रभारी प्रकाश जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड सदस्यों एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वर्गीय सेठ श्री प्रभु लाल कल्याणी बाई जायसवाल स्मृति “कल्याणी वाटिका” में श्रमदान कर साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने मिलकर वाटिका में फैली गंदगी को हटाया, सूखे पत्तों को एकत्रित किया तथा परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाया। इस दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने पूरी लगन के साथ श्रमदान किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीलम त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास की सफाई के प्रति सजग रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

प्रकाश जायसवाल ने बताया कि स्काउट-गाइड संगठन का मुख्य उद्देश्य सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक चेतना और सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया जा सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और गंदगी न फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नीलम त्रिपाठी सहित विद्यालय स्टाफ , यूनिट लीडर अंतिमा मेहरा, भारती महावर एवं स्काउट-गाइड सदस्य भी उपस्थित रहे। स्वच्छता अभियान ने सभी को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।

Screenshot_2026-10-05-18-54-50-53_c0d35d5c8ea536686f7fb1c9f2f8f274
previous arrow
next arrow

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles