-रामावतार राठौर
कोटा। चैत्र शुक्ल नवरात्रा के पावन अवसर पर शहर के रामचंद्रपुरा स्थित जय बिजासन माता मंदिर में दीपों की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में सर्व समाज के हिंदू बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माता रानी की सामूहिक आरती कर आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ समाजसेवी रामावतार राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाई-बहनों ने एकत्र होकर दीप प्रज्ज्वलित किए और श्रद्धा भाव से महाआरती की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नाथुलाल सुमन (पहलवान) एवं महिप सिंह सोलंकी उपस्थित रहे। साथ ही भानु सुमन और उनके मित्रगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंदिर के सदस्यगण, कार्यकर्ता एवं समाजसेवी पुरुष और महिलाओं ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।
नवरात्रा पर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल मातारानी का प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। आयोजन में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।






