कोटा। शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 93 हजार 500 रुपये की जुआ राशि और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के निर्देशन और वृत्ताधिकारी मनीष शर्मा के सुपरविजन में रानपुर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च की रात उपनिरीक्षक भीमसिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गांव कलम का कुआं स्थित हनुमान मंदिर के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश देकर सात लोगों को पकड़ लिया।
मौके पर सभी आरोपी ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने उनके पास से कुल 1,93,500 रुपये की नकद राशि और 52 ताश के पत्ते बरामद किए।
जांच में सामने आया कि पकड़े गए कई लोग पहले भी जुआ खेलने के मामलों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरपीजीओ की धारा 13 और बीएनएस की धारा 112 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भीमसिंह, एएसआई हरिओम और कांस्टेबल जितेंद्र, वीरेंद्र, अजब सिंह, विश्वेंद्र, संजय, मानवेन्द्र और मुकेश शामिल रहे।






