जयपुर। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित पत्रकार संवाद कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पत्रकारों का अभूतपूर्व और आत्मीय मिलन देखने को मिला। कार्यक्रम में दूर-दराज जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार पहुंचे। सभी सदस्यों ने संगठन की भावना के साथ एकजुट होकर कार्यक्रम में भाग लिया और इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया।
कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। वरिष्ठ पत्रकार वेदप्रकाश गुप्ता का विशेष रूप से आभार जताया गया, जो वरिष्ठ आयु होने के बावजूद एक सूचना पर धौलपुर से रातों-रात जयपुर पहुंच गए। इसी प्रकार विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों ने भी लंबा सफर तय कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
पत्रकारों ने कहा कि राजधानी में पत्रकारों का इस प्रकार एक साथ मुख्यमंत्री से मिलना और उनसे आत्मीय संवाद करना अपने आप में अनोखा अनुभव रहा। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित कर उनसे परिचय प्राप्त किया और उनके साथ आत्मीयता से संवाद किया, जिससे सभी पत्रकारों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कलियुग में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है। जब कार्यकर्ता अपनी महत्वाकांक्षा को संगठन के हित में समर्पित करता है, तब संगठन भी आगे बढ़ता है और कार्यकर्ता भी सम्मान प्राप्त करता है।
कार्यक्रम में संगठन के महामंत्री अमृता मौर्य, कोषाध्यक्ष रूपेश टिंकर, संगठन मंत्री नागर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के संयोजक एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आनंद शर्मा, ओएसडी गोविंद पारीक और मंच संचालन करते हुए पत्रकारों की बात प्रभावी ढंग से रखने वाले शेखर पारीक का भी आभार व्यक्त किया। साथ ही संपादक विजय कुमार पाराशर, गोपाल लबाना और युवा पत्रकार प्रतीक पाराशर ने भी सभी सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।






