कोटा।राजस्थानी भाषा को राजभाषा का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर रविवार को कोटा में जनआंदोलन का स्वरूप देखने को मिलेगा। इस क्रम में सीएडी चौराहे से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के कार्यालय तक सुबह 11 बजे एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा।
राजस्थानी युवा मोर्चा के संभागाध्यक्ष दिलीप सिंह हाड़ा ‘हरप्रीत’ ने बताया कि मातृभाषा राजस्थानी का मुद्दा किसी एक व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे कोटा संभाग के जन-जन से जुड़ा हुआ है। इसी कारण इस आंदोलन में समाज के हर वर्ग की सहभागिता रहेगी।
उन्होंने बताया कि जुलूस में राजस्थानी युवा मोर्चा के संरक्षक मुकुट मणिराज, जितेन्द्र निर्मोही, महाकवि किशन वर्मा एवं श्री चंदालाल चकवाला का मार्गदर्शन रहेगा। साथ ही समाजसेवी एवं गौसेवक हिम्मत सिंह हाड़ा, राजस्थानी भाषा के क्रांतिकारी कार्यकर्ता, बेरोजगार संगठन राजस्थान, राजकीय महाविद्यालयों एवं कोटा विश्वविद्यालय के छात्र नेता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे।
आयोजकों ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राजस्थानी भाषा को उसका संवैधानिक सम्मान दिलाने के इस आंदोलन को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।






