कोटा।नयापुरा मुक्तिधाम में अस्थियां चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ताज़ा मामला रविवार को सामने आया, जब बृजराज कॉलोनी निवासी 73 वर्षीय शंभूदयाल का निधन होने के बाद उनके परिजन तीसरे की रस्म के लिए मुक्तिधाम पहुंचे, तो वहां से अस्थियां गायब मिलीं।
परिजनों ने बताया कि रविवार को अंतिम संस्कार के बाद अस्थियां सुरक्षित रखी गई थीं, लेकिन आज जब वे धार्मिक रस्में निभाने पहुंचे तो अस्थियां वहां मौजूद नहीं थीं। इस हृदयविदारक घटना से परिजन स्तब्ध रह गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नयापुरा मुक्तिधाम से अस्थियां चोरी होने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार ऐसी वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि धार्मिक आस्था और मानवीय संवेदनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाई है। स्थानीय लोगों ने मुक्तिधाम में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






