कोटा।कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के बाइक सवार बदमाशों ने सब्जी बेचने वाले युवक से लूट की कोशिश की। बदमाशों ने युवक को बाइक से गिरा दिया और चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले एक डॉक्टर को देखकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे 80 फीट लिंक रोड की बताई जा रही है। पीड़ित सब्जी विक्रेता कन्हैया लाल रोज की तरह सब्जी मंडी की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोकने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे बाइक से धक्का देकर गिरा दिया और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में कन्हैया लाल की गर्दन पर हल्का कट लगा है। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही बोरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






