Saturday, May 23, 2026
IMG-20260122-WA0067
previous arrow
next arrow

Top 5 This Week

Related Posts

बारां में 5 से 11 जनवरी तक चलेगा श्रीमद् भागवत कथा का आध्यात्मिक महोत्सव

जितेंद्र कुमार शर्मा✍️

बारां /स्व. मुरलीधर साबू मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में विष्णु साबू परिवार की ओर से आयोजित भव्य एवं दिव्य श्रीमद् भागवत कथा आज से एन एच हाई वे स्थित होटल द्वारिका में 1.30 बजे से प्रारंभ होगी। श्री मद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन दिनांक 5 जनवरी से 11 जनवरी तक श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ किया जा रहा है। इस सात दिवसीय आध्यात्मिक आयोजन में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या के कोषाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संत पूज्य गोविंद गिरी जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का तात्विक, आध्यात्मिक और धार्मिक रसपान कराएंगे। ज्ञातव्य है कि संत गोविंद गिरी जी महाराज इस समय भारतीय संस्कृति धारा के प्रमुख संतों में शामिल हैं जो भारतीय संस्कृति के विभिन्न उपादानों के प्रचार प्रसार में कथा यज्ञ करते हुए लगे हुए हैं।

ट्रस्ट के प्रमुख आयोजक विष्णु साबू ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कथा आयोजन स्व. मुरलीधर साबू की पुण्य स्मृति में समाज में धर्म, संस्कार, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। श्रीमद् भागवत कथा न केवल आध्यात्मिक चेतना का जागरण करती है, बल्कि मानव जीवन को सत्य, करुणा, प्रेम और कर्तव्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है। राष्ट्रीय संत

पूज्य गोविंद गिरी जी महाराज राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित संत, विचारक एवं धर्मप्रवक्ता के रूप में विख्यात हैं। श्रीराम मंदिर निर्माण आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके सान्निध्य में आयोजित यह कथा श्रद्धालुओं के लिए दुर्लभ आध्यात्मिक अवसर सिद्ध होगी। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर रासलीला, गोवर्धन पूजा, उद्धव प्रसंग तथा मोक्षदायिनी शिक्षाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकालीन सत्रों में कथा के साथ भजन-कीर्तन, आरती एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। कथा का समय दोपहर 1.30 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा कथा स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बैठने, पेयजल, स्वच्छता एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इस आयोजन में बजरंग साबू एवं सत्यप्रकाश साबू समेत जिले के गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग एवं सक्रिय भूमिका रहेगी। दोनों ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी बंधुओं, मातृशक्ति एवं युवाओं से इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनने का आग्रह किया है। साथ ही आयोजन समिति के विभिन्न सदस्यों द्वारा अलग अलग स्तर पर कथा को सफल बनाने हेतु कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा देने के साथ पारिवारिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है।

स्व. मुरलीधर साबू मेमोरियल ट्रस्ट एवं विष्णु साबू परिवार ने समस्त नगरवासियों, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तथा जिले भर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर इस श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में भाग लें और पुण्य लाभ अर्जित करें। श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आज विधि विधान के साथ पाठ पूजा कर शुभारंभ किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles