जयपुर। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय 5 दिसंबर को हरियाणा की शिप्रा के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। यह पावन समारोह होटल ताज आमेर में देशभर से पहुंचे साधु-संतों और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में संपन्न होगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक मुख्य फेरों का आयोजन रखा गया है।
विवाह से पहले वृंदावन स्थित रमणरेती में उनके आवास पर हल्दी, संगीत और अन्य पारंपरिक रस्में बड़े धूमधाम से संपन्न हुईं। बुधवार को दूल्हा बने इंद्रेश उपाध्याय की भव्य निकासी निकाली गई, जिसके बाद वे बारात लेकर जयपुर के लिए रवाना हुए।
दूल्हा बने इंद्रेश ने ऑफ-व्हाइट शेरवानी, सिर पर पगड़ी और हाथों में चांदी की छड़ी धारण की। घोड़ी पर उनके साथ उनकी भतीजी भी विराजमान रही। बारात में पारंपरिक शान दिखाते हुए हाथी-घोड़े भी शामिल रहे।
होटल ताज आमेर में होने वाले दिनभर के कार्यक्रम में देश-विदेश से प्रमुख मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। आमंत्रित अतिथियों में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मूलक पीठाधीश्वर राजेंद्र दास महाराज, कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, और बॉलीवुड के प्रसिद्ध सिंगर बी प्राक सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं।
जयपुर के अनेक प्रमुख संत–महंत भी विवाह संस्कार की शोभा बढ़ाएंगे। इनमें गोविंददेवजी मंदिर के महंत अंजन गोस्वामी, श्री सरस निकुंज के बड़े भैया जी सहित कई प्रमुख आध्यात्मिक चेहरे शामिल हैं।
इंद्रेश–शिप्रा के विवाह के लिए विशेष रूप से आमंत्रण पत्र तैयार कराया गया है। इसके साथ वृंदावनधाम के प्रतिष्ठित मंदिरों से भेजा गया प्रसाद भी बांटा जा रहा है—जिसमें राधारमणजी की मिश्री–इलायची, तुलसी और अन्य मंदिरों से प्राप्त विशेष लड्डू शामिल हैं।
इस अद्भुत वैवाहिक उत्सव को लेकर भक्तों और अनुयायियों में उत्साह का माहौल है।






