झालावाड़/झालावाड़ जिले के खानपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय तीर्थ चांदखेड़ी मंदिर परिसर से सालों पुरानी मूर्ति चोरी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने अब इस मामले में मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हुकुमचंद जैन ‘काका’ (निवासी दादावाड़ी, कोटा) को गिरफ्तार किया है।
खानपुर थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कविया ने बताया कि 5 नवम्बर 2025 को मंदिर परिसर में स्थित एक हिंदू मंदिर से प्राचीन मूर्ति चोरी और मूर्ति हटाने की शिकायत दर्ज हुई थी। प्रारंभिक जांच में यह मूर्ति हजारों साल पुरानी बताई जा रही है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही रामबाबू वैष्णव (40) पुत्र भंवरलाल सहित उसके पांच साथियों को 6 नवम्बर को गिरफ्तार कर लिया था।
अब गहराई से जांच करने पर मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष हुकुमचंद जैन ‘काका’ की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस इस प्रकरण में यह भी जांच कर रही है कि प्राचीन मूर्ति कहां छिपाई गई या बेची गई है तथा इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।





