कोटा ।कोटा शहर में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उद्योग नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग बालक से गांजा बिकवाने वाले कुख्यात हिस्ट्रीशीटर महेन्द्र उर्फ मेंढकी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम (IPS) ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी के निर्देशन और वृत्ताधिकारी रूद्रप्रकाश शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह पुनि के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
इस टीम ने 27 सितम्बर 2025 को मल्टीमेटल मोटर मार्केट क्षेत्र से एक नाबालिग बालक को गांजा बेचते हुए पकड़ा था। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह यह गांजा महेन्द्र उर्फ मेंढकी से लेकर बेचता है और इसके बदले उसे रोजाना ₹300 मिलते हैं।
पुलिस ने जानकारी के आधार पर महेन्द्र उर्फ मेंढकी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। आरोपी थाना उद्योग नगर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ अब तक 35 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गहन तलाश के बाद पुलिस टीम ने 11 नवम्बर 2025 को आरोपी महेन्द्र उर्फ मेंढकी पुत्र कालूलाल (उम्र 30 वर्ष), निवासी हर्बट स्कूल की गली, गोविन्द नगर, थाना उद्योग नगर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
—





