कोटा।राष्ट्रीय दशहरा मेला 2025 का मुख्य आकर्षण इस बार विश्व का सबसे ऊँचा रावण है, जिसकी ऊँचाई 215 फीट से भी अधिक है। इसे देखने के लिए दहन स्थल पर दिनभर जनसैलाब उमड़ता रहा। सुबह से लेकर देर रात तक लोग अपने बच्चों और परिवार संग पहुंचकर इस विशालकाय पुतले के दर्शन करते रहे। सड़क किनारे और दूर-दराज से भी लोग रुककर रावण को निहारते नजर आए।
इस बार का रावण सिर्फ ऊँचाई में ही नहीं, बल्कि अपनी भव्यता और आधुनिक तकनीक से भी खास है। रावण को सजाने-संवारने के लिए सैकड़ों कारीगरों ने महीनों तक दिन-रात मेहनत की। रंग-बिरंगी लाइटें और कलात्मक सजावट इसे और भी अद्वितीय बना रही है। लोगों ने न सिर्फ रावण को देखा, बल्कि उसके साथ सेल्फी और फोटो खींचवाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बना लिया।
आज खड़े होंगे रावण के कुटुंबीजन
विशालकाय रावण के साथ इस बार उसके कुटुंबीजन भी दहन स्थल की शोभा बढ़ाएंगे। मंगलवार को 60 फीट ऊँचे कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले दहन स्थल पर पहुंचा दिए गए। इन्हें आज खड़ा किया जाएगा।
इन पुतलों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। दोनों ही पुतलों में कुल 10 रिमोट पॉइंट लगाए गए हैं, जिनमें से 3 पॉइंट पायरो तकनीक से और 7 पॉइंट ब्लास्टिंग सिस्टम से जुड़े हुए हैं। इससे दहन के दौरान दृश्य और भी रोमांचक और दर्शनीय होगा।
उत्साह से भरा वातावरण
पार्किंग से लेकर प्रवेश द्वार तक लोगों का हुजूम इस बात का गवाह है कि दशहरा मेला कोटा की शान है। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए उत्सुक हैं।
लोगों का कहना है कि “इतना विशाल और सुंदर रावण पहली बार देखा है, यह कोटा की पहचान बन गया है।”






