नई दिल्ली/भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए जुलाई 2025 में कोटा शहर और बांदीकुई-भरतपुर-कोटा रेल मार्ग (राजस्थान लाइसेंस सर्विस एरिया में) पर अपने क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर द्वारा आयोजित इंडिपेंडेंट ड्राइव टेस्ट (आईडीटी) के निष्कर्ष जारी किए हैं।
आईडीटी के सिग्नल आकलन – शहरी क्षेत्रों, हॉटस्पॉट, सार्वजनिक परिवहन केंद्रों आदि में सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) के वास्तविक मोबाइल नेटवर्क प्रदर्शन के आकलन के लिए डिज़ाइन किए गए थे। इस प्रकार के ड्राइव परीक्षण में, 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के सिम कार्ड का उपयोग कर लाइव डेटा और वॉयस टेस्ट किया जाता है। इसमें कई उन्नत हैंडसेट के उपयोग से जांच की जाती है और उन्नत सॉफ़्टवेयर प्रणाली का इस्तेमाल कर वास्तविक समय में सत्र निगरानी और विश्लेषण किया जाता है। ड्राइव परीक्षण के दौरान एकत्रित डेटा का विशेष उपकरणों के उपयोग से विश्लेषण किया जाता है, और इस आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाती है।
ट्राई ने अपनी निर्धारित एजेंसी के माध्यम से राजस्थान लाइसेंस सर्विस एरिया में 01-07-2025 से 05-07-2025 के दौरान 310.5 किलोमीटर में व्याप्त शहर के 10 हॉटस्पॉट, कोटा शहर में 1.1 किलोमीटर पैदल परीक्षण और बांदीकुई से भरतपुर होते हुए कोटा तक 386.6 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर विस्तृत ड्राइव टेस्ट किए। ट्राई के क्षेत्रीय जयपुर कार्यालय की देखरेख में ये परीक्षण किए गए।






