कोटा। कोटा-सवाई माधोपुर रेल खंड स्थित केशवरायपाटन रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को एक अधेड़ ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। केशवरायपाटन थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है।पुलिस ने बताया कि अधेड़ का नाम प्रदीप जैन (53) पुत्र सागरमल जैन है। यह कोटा तलवंडी का रहने वाला था।प्रदीप की पेंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी इच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखी है। हालांकि प्रदीप ने इस पत्र में आत्महत्या के कारणों का जिक्र नहीं किया है।
स्कूटी से पहुंच पाटन
पुलिस ने बताया कि प्रदीप स्कूटी से केशोरायपाटन रेलवे स्टेशन के पास स्थित क्रॉसिंग गेट पर पहुंचा था। जहां उसने कुछ देर ट्रेन का इंतजार किया। दोपहर करीब 1.05 बजे प्रदीप को अप लाइन पर तेजी से एक ट्रेन (नई दिल्ली-सोगरिया) आती दिखाई दी। तभी अचानक तुरंत अपनी स्कूटी को बंद गेट के पास खड़ी कर दौड़कर ट्रैक पर पहुंचे प्रदीप ने रेल पटरी पर अपनी गर्दन रख दी। ट्रैक पर आदमी नजर आने पर चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की काफी कोशिश की। लेकिन रुकते-रुकते भी ट्रेन प्रदीप की गर्दन को काटते हुए निकल गई। इस घटना में प्रदीप की मौके पर ही मौत है। बाद में कर्मचारियों द्वारा प्रदीप के शव को पटरी से हटाने के बाद ट्रेन मौके से रवाना हुई।




