कोटा। कोटा रेल मंडल में शुक्रवार को दौड़ती ट्रेन में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। यात्रियों ने मामले की शिकायत जीआरपी को की है।
नई दिल्ली-उदयपुर मेवाड़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री विवेक कुमार की सवाई माधोपुर स्टेशन पर एक बदमाश गले से सोने की चेन झपट ले गया। यह घटना ट्रेन रवाना होने के समय हुई। इस घटना के बाद स्लीपर कोच में सवाल विवेक ने शोर भी मचाया। लेकिन तब तक आरोपी भाग गया था और ट्रेन की रफ्तार भी तेज हो चुकी। इसलिए विवेक को किसी प्रकार की मदद नहीं मिल सकी। विवेक ने मामले की रिपोर्ट उदयपुर जीआरपी में दर्ज कराई है। यहां से जीरो नंबर की यह रिपोर्ट सवाई माधोपुर भेजी जा रही है।
21 दिन में तीसरी घटना
सवाई माधोपुर स्टेशन पर यात्रियों से चोरी की 21 दिन में यह तीसरी घटना है। इससे पहले 28 जून को लाखेरी निवासी एक महिला के गले से भी बदमाश सोने की चेन झपट ले गए थे। महिला जोधपुर-भोपाल ट्रेन के स्लीपर कोच में सफर कर रही थी। शिकायत के बावजूद भी सवाई माधोपुर जीआरपी ने घटना के 8 दिन बाद भी मामला दर्ज नहीं किया था।
इस घटना के 8 दिन बाद ही अजमेर- दयोदय ट्रेन में सफर कर रहे लाखेरी निवासी एक यात्री का मोबाइल भी बदमाश इसी तरह झपट ले गए थे।
यहां पर मौके की तलाश में खड़े बदमाश ट्रेन रवाना होते ही यात्रियों की से लूट चालू कर देते हैं। अपने शिकार की तलाश में यह बदमाश रोजाना स्टेशन पर नजर आते हैं। सीसीटीवी कैमरों से पहचान होने के बावजूद भी जीआरपी अभी तक बदमाशों को नहीं पकड़ सकी है।
स्वर्ण मंदिर मेल से महिला का पर्स चोरी
शामगढ़-नागदा के बीच महिला का पर्स चोरी
इसी तरह मुंबई अमृतसर-स्वर्ण मंदिर मेल के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला का पर्स नागदा-शामगढ़ के बीच चोरी हो गया। पर्स में मोबाइल फोन तथा एक हजार रुपए सहित कई जरूरी सामान था। महिला मुंबई से सहारनपुर तक का सफर कर रही थी।
यह घटना महिला के सीट पर पर्स रखकर शौचालय जाने के दौरान हुई। बाद में तलाशी के दौरान यह पर्स एक सीट के नीचे पड़ा मिला। पर्स में नगदी को छोड़कर मोबाइल आदि सामान मिल गया। महिला ने मामले की शिकायत रेलवे को की थी। हालांकि फिलहाल महिला द्वारा कहीं रिपोर्ट लिखवाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
महिला का नाम कमरू निशा पत्नी इरफान अहमद बताया जा रहा है। यह सूरत से अमृतसर जा रहे थे।
2 दिन में दूसरी घटना
उल्लेखनीय है कि यह 2 दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले बुधवार को अमृतसर-मुंबई ट्रेन में अंबाला से कोटा तक सफर कर रहे है एक यात्री के दो ट्रॉली बैग भी चोरी हो गए थे। यात्री ने मामले की शिकायत कोटा जीआरपी को की है। हालांकि जीआरपी द्वारा ऐसे किसी भी रिपोर्ट से साफ मना किया जा रहा है।






