कोटा/शुद्धाद्वैत प्रथम पीठ श्री मथुराधीश मंदिर पर शनिवार को श्री रणछोड़ाचार्य श्री प्रथमेश महाराज का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान ज्येष्ठ कृष्ण पंचमी पर नौका विहार का मनोरथ होगा। ट्रस्ट के महामंत्री मोनू व्यास ने बताया कि बगीचे में पानी भरकर तालाब का रूप दिया जाएगा। जिसमें मथुराधीश प्रभु फूलों से सजी नौका में विराजकर विहार करेंगे। मोगरे, गुलाब, कमल आदि के पुष्प और लकड़ी से बने हुए मगरमच्छ और कछुए समेत विभिन्न खिलौने तैराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ठाकुर जी वर्ष में दो बार ही नौका विहार करते हैं। वे निर्जला एकादशी पर दूसरी बार नौका विहार के लिए निज तिवारी से बाहर पधारेंगे।
ये होगा दर्शनों का समय :
-मोनू व्यास ने बताया कि ज्येष्ठ कृष्ण पंचमी शनिवार को मंगला के दर्शन प्रातः 6 बजे होंगे। इसके तुरंत बाद मंदिर से महिला परिषद की ओर से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। जो कैथूनीपोल, टिपटा होते हुए वापस पाटनपोल स्थित मंदिर पर संपन्न होगी। उन्होंने बताया राजभोग के दर्शन होंगे और इसके बाद नंदोत्सव मनाया जाएगा। उत्थापन के दर्शन 4 बजे होंगे। वहीं नौका विहार के दर्शन शाम को 6:30 से 7 के बीच हो सकेंगे।





